झज्जर , जून 17 -- हरियाणा में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में झज्जर के लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में बुधवार से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने किया।
इस दौरान उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने जिले में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
श्री धनखड़ ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा सहित सभी वर्गों के हित में अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिससे देश के विकास को गति मिली और लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
श्री खांगवाल ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और पात्र लाभार्थियों तक उनकी जानकारी पहुंचाना है। यह प्रदर्शनी 18 जून तक जारी रहेगी, जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी के साथ स्कूली विद्यार्थियों के लिए कविता, निबंध लेखन, पेंटिंग और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने कला और लेखन के माध्यम से सरकारी योजनाओं को प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित