पौड़ी , मई 20 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बाल विकास विभाग द्वारा क्षेत्र के उत्तरी झंडीचौड़ में आधुनिक वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। करीब तीन करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह हॉस्टल क्षेत्र की कामकाजी महिलाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
बुधवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि हॉस्टल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कुल 28 कमरे बनाए जा रहे हैं, जहां कामकाजी महिलाएं सुरक्षित वातावरण में रह सकेंगी। इसके साथ ही भवन में 29 टॉयलेट एवं बाथरूम की व्यवस्था की जा रही है, जिससे स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
हॉस्टल परिसर में सामूहिक भोजन व्यवस्था के लिए विशाल डाइनिंग हॉल और आधुनिक किचन का निर्माण भी किया जा रहा है। वहीं आगंतुकों और आवासीय व्यवस्था के संचालन के लिए एक सुव्यवस्थित रिसेप्शन लॉबी भी बनाई जाएगी, जिससे पूरे परिसर को आधुनिक और पेशेवर स्वरूप मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह हॉस्टल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होगा, जो रोजगार, शिक्षा अथवा अन्य कार्यों के लिए शहरों और कस्बों में रहकर कार्य कर रही हैं। सुरक्षित आवास उपलब्ध होने से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने करियर को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
बाल विकास विभाग की इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह हॉस्टल महिलाओं को बेहतर आवास के साथ सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित