पौड़ी/कोटद्वार , मई 14 -- उत्तराखंड में कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के झंडीचौड़ में नगर निगम की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान करीब आधा बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि राजस्व विभाग द्वारा एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर के निर्माण हेतु नगर निगम कोटद्वार को हस्तांतरित की गई थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ लोगों द्वारा भूमि पर अस्थायी एवं स्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

नगर आयुक्त पी.एल. शाह ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित