लुधियाना , मार्च 03 -- हरियाण के पानीपत, गुजरात के सूरत, बिहार के बरौनी की बड़ी तेल रिफाइनरियों, लारा पावर प्लांट और एशियन पेंट्स में हजारों मजदूरों के जारी संघर्षों के समर्थन में मंगलवार को लुधियाना के समराला चौक इलाके में झंडा मार्च निकालकर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन टेक्सटाइल-हौजरी कामगार यूनियन, कारखाना मजदूर यूनियन और नौजवान भारत सभा द्वारा आयोजित किया गया।
कारखाना मजदूर यूनियन के अध्यक्ष लखविंदर, नौजवान भारत सभा की नेता रविंदर कौर और टेक्सटाइल-हौजरी कामगार यूनियन के नेता विश्वनाथ ने कहा कि मजदूरों की मांग है कि उनकी कार्य स्थितियों में सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। आठ घंटे कार्य दिवस के कानून को सख्ती से लागू किया जाए। काम के दौरान हादसों और बीमारियों से सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएं। समय पर वेतन दिया जाए और अन्य कानूनी श्रम अधिकार लागू किए जाएं।
मजदूर नेताओं ने कहा कि विभिन्न स्थानों पर उठा यह आक्रोश मजदूरों की बदतर हालत के विरुद्ध है। बड़े-छोटे, देशी-विदेशी पूंजीपतियों और उनकी सेवादार सरकारों द्वारा की जा रही लूट और अन्याय के कारण मजदूरों की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। हाड़-तोड़ मेहनत के बाद भी मजदूरों की बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। उन्होने कहा कि मजदूरों के बलिदान भरे संघर्षों की बदौलत मिले थोड़े-बहुत कानूनी श्रम अधिकार भी अब खत्म किए जा रहे हैं। इसके खिलाफ जोरदार एकजुट संघर्ष के जरिए ही पूंजीवादी लूट और अन्याय का मुकाबला किया जा सकता है और जीवन में सुधार लाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित