हरिद्वार , अक्टूबर 05 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में ज्वालापुर के दुर्गा चौक क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर ऑटो और सड़क किनारे खड़ी चार कारों से जा टकराई। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को निजी बस दुर्गा चौक की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दुर्घटना के दौरान बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि उस समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ अधिक नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित