हरिद्वार , मार्च 10 -- उत्तराखंड में हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार को अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच मार्च को शुभम कुमार निवासी इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल चार मार्च को महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी हो गई है। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई । टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया।
इसी बीच जांच के दौरान नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास से पुलिस ने दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित एक खंडहर से आठ मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद कीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी कर सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। बरामद वाहनों में कई वाहन देहरादून के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसिन पुत्र जान आलम और गुल्सान पुत्र बलीन निवासी ग्राम गाडोवाली, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं। मोसिन राजमिस्त्री का कार्य करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित