मुंबई , अक्टूबर 07 -- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को महाराष्ट्र में कहीं भी प्रवेश नहीं करने देंगे और उनके आने पर चेहरे पर काली स्याही पोतेंगे।

श्री सपकाल ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने वोटों की चोरी और अन्य कथित अनियमितताओं के जरिए भाजपा को चुनाव जिताने में मदद की। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में आक्रोश है और उनके निर्धारित कार्यक्रम लगातार बदले जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म छह में कथित तौर पर अवैध बदलाव कर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

इस बीच, मुंबई युवा कांग्रेस ने दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की कथित हिरासत के विरोध में बांद्रा रिक्लेमेशन में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शाबरीन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित