नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जब तक पद से हटाया नहीं जाता तब तक विपक्ष का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें यहां रोका गया, तो वे गृह मंत्री शाह और प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर भी विशाल धरना देंगे।
श्री वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र को बचाने के लिए आवाज उठाने वाले विपक्षी दलों को रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।
राष्ट्रीय महासचिव ने सोशल मीडिया के माध्यम से आज सवाल किया कि आखिर कितनी बार अनुमति देने से इनकार किया जाएगा और कितने लोगों को रोका जाएगा? उन्होंने कहा कि एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की मेगा रैली और मार्च से पहले इंडिया गठबंधन के 21 राजनीतिक दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए सार्वजनिक महाभियोग के कार्यक्रम की योजना बनाई थी। इसके लिए पहले होटल अशोक में अनुमति मांगी गई लेकिन वहां अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई। उनके मुताबिक, सभी आवश्यक अनुमतियां होने के बावजूद दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम की तैयारियां करने से रोक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित