वाराणसी , अक्टूबर 08 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को वाराणसी में विरोध प्रदर्शन किया।
इंडिया गठबंधन के सांसद वीरेंद्र सिंह और सपा के जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार लक्कड़ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला। जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी अमन यादव भी प्रदर्शन में शामिल रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित