नयी दिल्ली , सितंबर 27 -- युवा कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार देर रातयहां उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया और रविवार को उनके आवास के बाहर इसी की मांग वाले पोस्टर लगाये।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए नारे लगाये। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर पोस्टर भी लगाये, जिनमें श्री ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही तय करने और इस्तीफा देने की मांग की गयी। युवा कांग्रेस ने कहा कि यह प्रदर्शन चुनावी पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को लेकर चलाये जा रहे उसके अभियान का हिस्सा है।

श्री चिब ने कहा कि चुनाव आयोग देश के लोगों का संस्थान है और उसकी विश्वसनीयता मतदाताओं के विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि जब आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। वह श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपनी यह मांग जारी रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित