पटना , सितंबर 25 -- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में शुक्रवार को पटना में विशाल विरोध मार्च निकाला।
कांग्रेस का यह विशाल विरोध मार्च आर. ब्लॉक स्थित चाणक्य होटल से राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय तक निकाला गया, जिसे पुलिस ने अटल पथ के निकट एमएलसी क्वार्टर के पास बैरिकेडिंग कर रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की तथा हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी जलाया, जिसे पुलिस ने वाटर कैनन से बुझाने का प्रयास किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित