फिरोजपुर , सितंबर 28 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में सोमवार को हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के पुतलेभी फूंके।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के मौजूदा कार्यकाल में मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में नाम हटाये गये हैं और इससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई है। उन्होंने बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा का उल्लेख करते हुए चुनावी नतीजों और कथित जमीनी धारणा के बीच अंतर का दावा किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ मिलकर ऐसे मतदाताओं के नाम हटाने का काम कर रहा है, जिन्हें उनके खिलाफ माना जाता है। ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाये गये हैं। चुनाव आयोग ने हालिया विवाद के बीच कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़े निर्णय सर्वसम्मति से लिये गये थे।
राजा वड़िंग ने पंजाब में भी एसआईआर को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की मतदाता सूची से अब तक 20 लाख नाम हटाये गये हैं। चुनाव आयोग के प्रकाशित मसौदा आंकड़ों के अनुसार पंजाब में एसआईआर के बाद करीब 20.66 लाख नाम मसौदा मतदाता सूची से हटे हैं। इनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपलब्ध और दोहरे नाम वाले मतदाता शामिल हैं।
राजा वड़िंग ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आप और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने नगर समितियों के चुनाव परिणामों को प्रभावित किया और पंजाब की राजनीति में अपराधीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में गंभीर आपराधिक मामलों वाले गैंगस्टरों के चुनाव लड़ने की स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर भी गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने दिल्ली और राजस्थान के लोगों को 10 मंत्री आवास आवंटित किये, जबकि राज्य के मंत्री सरकारी गेस्ट हाउसों में रहने को मजबूर हैं। प्रदर्शन में कुलबीर सिंह जीरा, आशु बांगड़ समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित