नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब के अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना की निंदा की है और राज्य सरकार से इस मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के जरिये दोषियों को कानून के कटघरे लाने तथा श्री सिंह के परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर इस घटना की निंदा करते हुए लिखा कि श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की कथित घटना सिर्फ चिंताजनक नहीं, बल्कि पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर चेतावनी है। एक कार पर गोली का निशान और मौके से गोली का खोखा/राउंड बरामद होना, एक प्रतिष्ठित धार्मिक व्यक्तित्व की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। किसी भी नागरिक को अपने ही घर में असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के शासन में पंजाब का क्या हाल हो गया है? कट्टरपंथी, राष्ट्रविरोधी और अपराधी बेखौफ होते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आम नागरिकों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। शासन केवल नारों, विज्ञापनों या राजनीतिक नौटंकी का नाम नहीं है। शासन का मूल दायित्व लोगों की जान-माल की सुरक्षा और कानून का राज सुनिश्चित करना है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "अगर सरकार श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, तो आम परिवार खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे? मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूँ और तत्काल, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग करता हूँ। दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के कटघरे में लाया जाए तथा ज्ञानी रघबीर सिंह जी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।"उन्होंने कहा कि पंजाब को अपराधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों का खेल का मैदान नहीं बनने दिया जा सकता। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को बहाने बनाना बंद कर जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित