चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के अमृतसर स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
श्री रंधावा ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि धार्मिक और संवेदनशील व्यक्तित्व के आवास के बाहर इस तरह गोलीबारी होना बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। पंजाब में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है और आम लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक हस्तियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यदि किसी प्रतिष्ठित धार्मिक व्यक्तित्व के घर के बाहर भी गोलीबारी हो सकती है, तो यह पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है। श्री रंधावा ने पुलिस प्रशासन से मामले की तत्काल, निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाये तथा घटना के पीछे किसी व्यक्ति या साजिश का हाथ होने की स्थिति में उसका पता लगाकर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून का राज कायम रखना सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
श्री रंधावा ने अंबाला में कल रात शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सिख प्रदर्शनकारियों पर हरियाणा पुलिस द्वारा किये गये लाठीचार्ज की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी अपने दो सिख युवकों की रिहाई और संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस घटना पर चुप्पी तोड़कर जवाब देना चाहिए। श्री रंधावा ने लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गिरफ्तार सिख युवकों को इंसाफ दिलाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित