जगदलपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निशुल्क 'ज्ञानगुड़ी' कोचिंग संस्थान के चार विद्यार्थियों ने नीट काउंसलिंग के पहले ही राउंड में शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीट हासिल की है।

जिला प्रशासन के अनुसार, ज्ञानगुड़ी के समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम को शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर में प्रवेश मिला है। कृष्णा सेन को कांकेर मेडिकल कॉलेज तथा खुशबू बिस्वास को पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में एमबीबीएस की सीट मिली है।

चयनित विद्यार्थियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उच्च शिक्षा में डिजिटल सहायता के लिए टैबलेट प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना की तथा मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद बस्तर लौटकर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों ने बताया कि कलेक्टर छिकारा की ओर से समय-समय पर दिए गए अध्ययन और परीक्षा की तैयारी संबंधी सुझावों से उन्हें रणनीति बनाने में मदद मिली। कलेक्टर भी नियमित रूप से ज्ञानगुड़ी केंद्र पहुंचकर विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते रहे हैं और अपने अध्ययन तथा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी के अनुभव साझा कर उन्हें प्रोत्साहित करते रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित