सहारनपुर , अगस्त 20 -- रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट एवं जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की लखनऊ टीम ने बुधवार को सहारनपुर में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दीपक गुप्ता के आवास और कार्यालय पर जांच-पड़ताल की। टीम ने दिनभर दस्तावेजों को खंगाला और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए।

सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने सहारनपुर के ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित दीपक गुप्ता के आवास तथा अंबाला रोड स्थित उनके कार्यालय पर जांच की। इस दौरान बैंक पासबुक, चेकबुक और बेनामी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। दीपक गुप्ता ने कथित तौर पर मोहम्मद आजम खां से जुड़े जौहर यूनिवर्सिटी का ऑडिट किया था। टीम ने ऑडिट और उससे संबंधित वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की।

सूत्रों के मुताबिक जांच का एक पहलू उस अवधि से जुड़ा है जब तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार में मोहम्मद आजम खां नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के मंत्री थे। उस दौरान जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से संचालित योजनाओं के तहत सहारनपुर में बड़ी धनराशि खर्च की गई थी। आरोप है कि इन योजनाओं से जुड़े कुछ ठेकेदारों द्वारा जौहर यूनिवर्सिटी को कथित तौर पर करोड़ों रुपये का चंदा दिया गया और यह राशि बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से यूनिवर्सिटी के खाते में भेजी गई।

ईडी की जांच में इन लेन-देन, चंदे की रकम और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों और जांच के संबंध में ईडी की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित