टिहरी , जून, 01 -- उत्तराखंड के टिहरी में चारधाम यात्रा मार्ग पर सोमवार को एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कई यात्री घायल हो गये है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा तहसील टिहरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम जौलांगी के समीप उस समय हुआ जब बस कांडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर चम्बा की ओर बढ़ रही थी। बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, दो कुक, एक चालक और एक परिचालक शामिल थे। सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के बाद केदारनाथ की ओर जा रहे थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। वहीं राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। हालांकि हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

प्रशासन ने सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित