जौनपुर , फरवरी 18 -- जौनपुर स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में हृदय रोग विशेषज्ञ की ओपीडी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। मेडिसिन विभाग में डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आनन्द सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जिससे जनपद के हृदय रोगियों को अब उपचार के लिए महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी की विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाई जाए।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी ने कहा कि नियमित कार्डियोलॉजिस्ट की उपलब्धता से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुगम उपचार मिलेगा। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि डॉ. आनन्द के जुड़ने से मेडिसिन विभाग की ओपीडी सेवाएं और सशक्त होंगी तथा समयबद्ध इलाज सुनिश्चित होगा।

डॉ. आनन्द सिंह ने बताया कि वे प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को नियमित रूप से ओपीडी में मरीजों को परामर्श एवं उपचार देंगे। शेष दिनों में वे शैक्षणिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के कई चिकित्सक, कर्मचारी और मरीज उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित