जौनपुर , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद पुलिस ने 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी एवं जालसाजी के मामले में सहयोग करने वाले एक अभियुक्त को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से जालसाजी में प्रयुक्त डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जर और माउस बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि अभियुक्त को इस काम के बदले मात्र 400 रुपये मिले थे।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि बैजाबाद निवासी कमला प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अर्जुन चौहान और उसके सहयोगियों ने खेत बेचकर बैंक में जमा 85 लाख रुपये को एक वर्ष में दोगुना करने का झांसा देकर 20 लाख रुपये आरटीजीएस और 65 लाख रुपये नकद हड़प लिए। जब रसीद मांगी गई तो आरोपियों ने एसबीआई मुख्य शाखा सिविल लाइन, जौनपुर का कूटरचित एवं फर्जी एफडी बांड थमा दिया।
विवेचना के दौरान पता चला कि फर्जी एफडी बांड लैपटॉप पर तैयार किया गया था। पुलिस जांच में इस्माईल अहमद का नाम सामने आया, जिसने अपने लैपटॉप से डाउनलोड की गई एफडी की प्रति में नाम और रकम बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किया। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने यह काम अर्जुन चौहान के कहने पर किया और इसके बदले उसे 400 रुपये दिए गए थे।
थानाध्यक्ष जफराबाद श्रीप्रकाश शुक्ला की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नेवादा बाईपास क्षेत्र से इस्माईल अहमद पुत्र मुमताज अहमद निवासी अहमद खां मंडी, थाना कोतवाली जौनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित