जौनपुर , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश सरकार की "सबको हुनर, सबको काम" की मंशा को साकार करने के उद्देश्य से जौनपुर में तीन से 10 अगस्त के बीच दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार अभियान आयोजित किया जाएगा।
यह अभियान राजकीय आईटीआई, सिद्दीकपुर में मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होगा। जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की निजी कंपनियां दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। वहीं, जिला उद्योग केंद्र, जिला सेवायोजन कार्यालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग तथा अग्रणी बैंक (एलडीएम) भी शिविर में भाग लेंगे। स्वरोजगार के इच्छुक दिव्यांगजनों को उनकी पात्रता के अनुसार व्यवसाय चयन, मार्गदर्शन तथा बैंक ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में भी सहयोग दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष रोजगार मेले में जनपद के सभी प्रशिक्षित एवं अप्रशिक्षित दिव्यांगजन भाग ले सकते हैं। इसमें भाग लेने के लिए किसी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इसका लाभ उठा सकें।
प्रशासन ने जिले के सभी दिव्यांगों से इस विशेष रोजगार अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित