जौनपुर , नवम्बर 04 -- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पांच नवम्बर को जौनपुर को 3,677 करोड़ रुपये की सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे।

जिले में मुंगराबादशाहपुर के सार्वजनिक डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 5 नवम्बर को सुबह 11:15 बजे हेलीकॉप्टर से मुंगराबादशाहपुर पहुंचेंगे। इसके बाद सार्वजनिक डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह दो परियोजनाओं का शिलान्यास, तीन परियोजनाओं का भूमि पूजन और तीन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क कनेक्टिविटी और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुंगराबादशाहपुर बाईपास, जौनपुर बाईपास और मड़ियाहूं रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से न केवल शहरों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित