जौनपुर , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान की तैयारियां जौनपुर जिले में तेज हो गई हैं। जिले में 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जनपद में कुल 90 मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाएं पूरी करने की तैयारी है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने मंगलवार को बताया कि मतदान प्रक्रिया की निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 100 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, जो मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनाव संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे। इस अभियान में महिला एवं युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन की ओर से मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित