जौनपुर , जून 1 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तीन एवं चार जून को आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण बैठक में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर टीजीटी परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और परीक्षा समाप्त होने तक सतत निगरानी बनाए रखेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नकल, अवांछित गतिविधियों अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और परीक्षा अवधि के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित