जौनपुर , मई 08 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिल में शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं जौनपुर के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी करेंगे।

सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार शशी के निर्देशन में 09 मई शनिवार को दीवानी न्यायालय के परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिससे लोगों को त्वरित और सस्ता न्याय मिल सके।

श्री सिंह ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं जौनपुर के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे करेंगे, इसके पश्चात 5:00 बजे सिविल कोर्ट परिसर में ही न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत एवं अन्य सुलह योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित