जौनपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सरकारी, अर्द्धसरकारी, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने अपने कैंप कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया तथा सभी को संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया। बाद में गांधी तिराहा और अंबेडकर तिराहा पहुंचकर महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का भी दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बना है और लोगों से अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा महात्मा गांधी के नैतिक और सामाजिक मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने ध्वजारोहण किया।
इसी क्रम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. वंदना सिंह, पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह, सिविल कोर्ट में जिला जज सुशील कुमार शशि, जिला पंचायत में अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह, नगर पालिका परिषद जौनपुर में अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ में अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव, कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति में अध्यक्ष घनश्याम सिंह, मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर तथा टीडी पीजी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. रामाश्रय सिंह ने ध्वजारोहण किया।
जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, शैक्षणिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित