जौनपुर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद पर्दाफाश करते हुए गैंग लीडर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी शैलेश यादव के पैर में गोली लगी, जबकि गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर मोहर्रम पर्व के मद्देनजर थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट, एसओजी एवं सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बगधरी नहर पुलिया के पास पुलिस पर फायरिंग कर चार बदमाश केराकत की ओर भाग रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मल्लूपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा बाइक सवार संदिग्धों को रुकने का संकेत देने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर शैलेश यादव के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से तीन देशी पिस्टल, दस तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी शैलेश यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट समेत जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी करन यादव के विरुद्ध भी पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घायल शैलेश यादव को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरोह के नेटवर्क तथा उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित