जौनपुर , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में युवक संदीप गौतम की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह प्रेम प्रसंग था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शनिवार को बताया कि क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दीपक भार्गव, अभिषेक गौतम, अखिलेश गौतम उर्फ मंजय, अमन उर्फ रेड्डी, नंद किशोर उर्फ नंदू तथा एक बाल अपचारी को बरसठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक संदीप गौतम की बुआ सोनी गौतम ने आरोप लगाया था कि गुरुवार रात करीब दो बजे एक युवती ने फोन कर संदीप को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग घर के सामने स्थित विद्यालय पहुंचे तो गेट बंद मिला। ताला खुलवाकर अंदर जाने पर संदीप का शव पाइप से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का कहना था कि संदीप गांव की एक युवती से बातचीत करता था, जिससे युवती के परिजन नाराज रहते थे। आरोप लगाया गया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी आरोपियों ने रास्ते में रोककर संदीप के साथ मारपीट की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित