जौनपुर , मई 13 -- सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में हज की अदायगी का अरमान लिए आज़मीन-ए-हज के रवाना होने का सिलसिला अब अंतिम चरण में पहुंच गया है।
इसी क्रम में बुधवार को जौनपुर से हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों का एक जत्था दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। शहर के रिज़वी खां मोहल्ला स्थित अटाला मस्जिद के पीछे से अबुल क़ैस अपनी पत्नी समेत अन्य हाजियों के साथ रवाना हुए, जहां उन्हें विदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
इस दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल भावुक हो उठा। मौजूद लोगों ने नारे-ए-तकबीर की सदाएं बुलंद करते हुए हाजियों को मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन, चैन, भाईचारा तथा खुशहाली के लिए विशेष दुआ करने की अपील की। हज पर जाने वाले लोगों से गले मिलकर परिजनों और शुभचिंतकों ने दुआओं की दरख्वास्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित