जौनपुर, 16 जुलाई (वार्ता) उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने गुरुवार को जौनपुर जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री वर्मा ने स्टेशन के शौचालयों की बदहाल स्थिति और परिसर में बने गड्ढों पर नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर मरम्मत और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे पुलिस बूथ को दूसरी उपयुक्त जगह स्थानांतरित करने का भी आदेश दिया। इस दौरान अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया।

डीआरएम ने निर्माण कार्यों को अगले 3 से 4 माह के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के मद्देनजर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी और यात्री सुविधाओं की भी बारीकी से समीक्षा की। डीआरएम ने स्टेशन पर मिली कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अमृत भारत योजना के कार्य तय समय में पूरे कराए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित