जौनपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में कर्ज और सूदखोरों के दबाव में आकर एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हकारीपुर गांव निवासी अजीत कुमार गौतम (35) पर आर्थिक संकट लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी बीच उसकी बेटी की शादी तय हो जाने से उस पर जिम्मेदारियों का बोझ और बढ़ गया। मृतक की पत्नी नगीना ने बताया कि अजीत ने गांव के ही एक व्यक्ति, डॉक्टर सुभाष से अलग-अलग समय पर 10 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये उधार लिए थे। समय पर पैसा न लौटा पाने के कारण उस पर करीब 10 प्रतिशत ब्याज के साथ रकम लौटाने का दबाव बनाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात मानसिक तनाव से परेशान अजीत ने घर में ही नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित