जौनपुर , अगस्त 10 -- पवित्र सावन मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर जौनपुर जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव, दियावानाथ महादेव, गौरीशंकर शाम सुजानगंज सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, श्रद्धालुओं ने शिवालयों में गंगाजल, दूध, दही से जलाभिषेक कर बेर, बेलपत्र, चावल व पुष्प से भगवान शिव की पूजा की।
जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव, धर्मापुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, दियावा नाथ महादेव ,करसूल नाथ मंदिर, सांईनाथ महादेव मंदिर, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, गोमतेश्वर महादेव केराकत, पतलनाथ महादेव मेंजा सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। दूसरे सोमवार को देखते हुए शिव मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। व्यवस्था को बनाये रखने के लिये मंदिर प्रशासन के साथ स्थानीय प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किये हुये थे।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ त्रिलोचन महादेव और सुजानगंज में स्थित गौरीशंकर मंदिर पर जाकर निरीक्षण किया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी दर्शनार्थी को कोई असुविधा न होने पाए। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव त्रिलोचन नाथ महादेव मंदिर पर सरकारी निरीक्षण करने के पश्चात जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों का भी निरीक्षण करने गए हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित