जौनपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नये बने रेलवे स्टेशन गेट के ठीक सामने यात्रियों से भरी सफर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक और डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक यात्री की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब बस यात्रियों को लेकर गुजर रही थी। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से बस सीधे खड़े भारी वाहनों में जा घुसी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन के करीब यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित