जौनपुर , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शनिवार को सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में महिला और युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में बरसठी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी पंकज गौतम की पत्नी रीना गौतम शनिवार की सुबह घर में अपनी दो माह की बच्ची को दूध पिला रही थीं। इसी दौरान सर्प ने उनके पैर में डस लिया। जानकारी होते ही स्वजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रीना ने दम तोड़ दिया।
इसी तरह जिले में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसढुवा गांव में शुक्रवार रात बिस्तर पर सो रहे 32 वर्षीय कल्पनाथ बिंद को सर्प ने डस लिया। कुछ देर बाद नींद खुलने पर उन्हें शरीर में सर्प के काटने का एहसास हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित