जौनपुर , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए सिरकोनी विकास खंड में स्वयं सहायता समूह की महिलायें पूरी सक्रियता के साथ तिरंगा झंडा तैयार करने में जुटी हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विकास सिंह ने शिवापार गांव पहुंचकर झंडा निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

केंद्र सरकार के निर्देशानुसार विकास खंड में लगभग 19 हजार तिरंगा झंडों का वितरण किया जाना है। इसके लिए शिवापार और खलीलपुर गांव में स्वयं सहायता समूह की करीब 30 महिलाएं दिन-रात मेहनत कर झंडे तैयार कर रही हैं। बीडीओ विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत विकास खंड के सभी गांवों में सचिवों और ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने समूह की महिलाओं को समयबद्ध तरीके से झंडों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान के दौरान हर घर पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराया जा सके। निरीक्षण के दौरान शशांक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित