जौनपुर , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के अलापुर मार्ग पर गुरुवार को एक किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरसठी थाना क्षेत्र के पलटूपुर गांव निवासी सौरभ यादव (17) बुधवार शाम अपने परिचित अभिषेक यादव निवासी जमुआ, थाना सिकरारा के साथ अलापुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। गुरुवार सुबह तक घर न लौटने पर परिजनों ने फोन किया, जिस पर अभिषेक ने बताया कि सौरभ का शव बामी-अलापुर मार्ग के पास पड़ा है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि सौरभ का शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा हुआ था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि अभिषेक यादव ने ही उसके पुत्र की हत्या कर शव को फेंक दिया। उन्होंने बताया कि शव पर गले, सिर और सीने में चोट के निशान थे। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि पुलिस हत्या, सड़क दुर्घटना सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का बताया है, हालांकि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने जौनपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव वाहन के सामने लेटकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस के समझाने पर स्थिति सामान्य हुयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित