जौनपुर , मई 22 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में हरद्वारी गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय परिसर में शुक्रवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरद्वारी गांव निवासी संदीप गौतम (20) का शव विद्यालय परिसर में खेलकूद के लिए लगाए गए लोहे के पाइप से फंदे के सहारे लटकता मिला। परिजनों के अनुसार संदीप दो भाइयों में सबसे बड़ा था तथा उसकी तीन बहनें हैं। घटना के समय उसके माता-पिता, छोटा भाई और एक छोटी बहन मध्य प्रदेश के रीवा स्थित ससुराल गए हुए थे। सूचना मिलने पर सभी लोग वापस घर के लिए रवाना हो गए।
बताया गया कि संदीप महाराष्ट्र के भिवंडी शहर में रहकर मजदूरी करता था। करीब 20 दिन पहले वह गांव आया था और यहां शादी-विवाह समारोहों में टेंट लगाने का काम कर रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित