जौनपुर , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खेतासराय थाना में शनिवार को वाराणसी-अयोध्या रेल प्रखंड पर मानी कलां हाल्ट के समीप वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है।आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव निवासी शिवम यादव (28) अपने चाचा डॉ कालेन्द्र यादव के साथ रहता था। शनिवार को मेहरावां-खेतासराय रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास से युवक की बाइक भी बरामद हुई है। घटना की जानकारी ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारियों ने खेतासराय स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की ओर से स्थानीय थाने को मेमो भेजकर हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और मृतक की पहचान कराई।
पुलिस के अनुसार शिवम की शादी करीब 12 माह पूर्व हुई थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित