जौनपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्य में लापरवाही के आरोप में थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुवंर अनुपम सिंह ने प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। बताया गया कि हाल के दिनों में थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होने और कार्य में लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह के निलंबन की पुष्टि की है। फिलहाल उनके स्थान पर किसी अन्य प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है।

इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य थाना प्रभारियों में भी हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा लापरवाही के मामलों में सख्त रुख अपनाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित