जौनपुर , नवम्बर 09 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तेजी बाजार थाना क्षेत्र के बसरा गांव में एक सप्ताह पूर्व हुई मारपीट की घटना की रंजिश को लेकर एक पक्ष ने रविवार की रात लगभग दस बजे लाठी डंडे से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी तथा दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपावली (रविवार) रात्रि लगभग 10:00 बजे रमेश यादव का परिवार घर में खाना खाकर मौजूद था कि उसी समय एक पक्ष के लोग 8 -10 की संख्या में जुटकर लाठी डंडे से लैस होकर उनके घर में घुस गए। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाए तब तक उन पर लाठियां चलना शुरू हो गई। इसी हमले में रमेश यादव उम्र लगभग (42) पुत्र रामसमुझ यादव और उनका भाई मुन्नू यादव (50) के साथ प्रदीप यादव (17) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से बदलापुर स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया जहां रमेश यादव की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया ।

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में घायल दोनों को भर्ती कर लिया गया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि लगभग 1 सप्ताह पूर्व मारपीट की घटना घटित हुई थी उसी रंजिश को लेकर आज यह घटना घटित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। दूसरी तरफ पुलिस ने मृतक रमेश की शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित