जौनपुर , जून 14 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुरहुरपुर में शनिवार रात मामूली कहासुनी में रॉड से हमला कर गौशाला के चौकीदार की हत्या कर दी गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि मृतक भुवर सरोज उर्फ चक बहादुर सरोज (50) पुत्र रामकरण सरोज निवासी निगोह थाना बरसठी जौनपुर ग्राम सुरहुरपुर में गौशाला में कार्य करता था। इसके साथ ही शनि उर्फ अभिषेक (23) पुत्र अर्जुन कुमार निवासी लखऊवा उदपुर थाना बक्सा जौनपुर भी ग्राम सुरहुरपुर में बकरी पालन में काम करता है।
दोनों में कल रात गाली-गलौज एवं कहासुनी होने के उपरांत शनि ने भुवर सरोज को राड से मार दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गयी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जलालपुर तत्काल मौके पर पहुंचे और मौके से ही राड के साथ ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक के शव का पंचनामा करने की पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित