जौनपुर , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात शहर के बाजार भुआ मोहल्ले में एक रिहायशी मकान से पांच क्विंटल अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किया हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सम्यक चौधरी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के बाजार भुआ मोहल्ले में स्थित एक रिहायशी मकान से अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए गए। मौके से ऐसन रजा पुत्र मुनीर हसन, निवासी बाजार भुआ, थाना कोतवाली, जौनपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद पटाखों का कुल वजन पांच क्विंटल बताया है।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराध की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह, पुरानी बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल संजय पासवान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र पाण्डेय और महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह शामिल रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित