जौनपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात नगर पालिका परिषद के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।

हमले में कालीकुत्ती निवासी राजेश बिंद उर्फ हीरा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक, हमले के बाद चाकू युवक के पेट में ही धंसी रह गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच डांस करने को लेकर विवाद शुरू हो गया, देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के बीच चाकूबाजी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान राजेश बिंद उर्फ हीरा पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि वारदात कोतवाली थाने से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर नगर पालिका परिषद के पास हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विवाद किन लोगों के बीच हुआ और चाकू से हमला करने के पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित