जौनपुर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र में भीटा खाते की भूमि को समतल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया है। मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मछलीशहर कोतवाली कार्यालय के सामने स्थित भीटा खाते की भूमि पर शुक्रवार रात लगभग आधा दर्जन जेसीबी मशीनों की सहायता से भूमि समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सभी जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया और कार्य रुकवा दिया।

भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल ने आरोप लगाया कि संबंधित भूमि को वर्ष 2016 में तत्कालीन उपजिलाधिकारी विजय बहादुर सिंह द्वारा पारित आदेश के तहत भीटा खाते में दर्ज किया गया था। उनका कहना है कि भूमि की प्रकृति बदलने के लिए कुछ राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मिलीभगत से साजिश रची गई है।

उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी दूरभाष के माध्यम से मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) को दी गई, जिसके निर्देश पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की।

प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समतलीकरण में लगी सभी जेसीबी मशीनों को सीज कर कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित