जौनपुर , नवम्बर 01 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में थाना सुजानगंज पुलिस टीम ने अन्तर्राजीय असलहा तस्कर गिरोह के मुख्य सरगना सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार , नकदी एवं 11 मोबाईल बरामद किये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के दिशा निर्देशन व क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने मय हमराही पुलिस टीम शाम को थानाक्षेत्र सुजानगंज अन्तर्गत संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की जांच कर रही थी कि इसी बीच मुखबीर द्वारा सूचना दी कि कुछ लोगों द्वारा कुरांवा नहर पुलिया के पास अवैध असलहा व कारतूस के खरीद फरोख्त की जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर अवैध असलहा व कारतूस के खरीद फरोख्त करते समय असलहा तस्कर गिरोह के मुख्य सरगना सहित पांच अन्तर्राज्यीय असलहा तस्कर गिरोह सदस्यों को दो 12 बोर बन्दूक, 200 राउण्ड जिन्दा कारतूस , एक 22 बोर की रायफल , 01 प्रतिबन्धित 9 एमएम पिस्टल व 05 जिन्दा कारतूस 9 एमएम व एक 45 बोर ग्लाक पिस्टल व पांच 45 बोर जिन्दा कारतूस अवैध असलहा तस्करी के क्रय-विक्रय से प्राप्त कुल सात लाख 58 हजार रुपया नगद के साथ गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि हैरिस गन हाउस कानपुर के द्वारा भी कुछ हथियारों की आपूर्ति करने का लिंक भी सामने आये है जिसके प्रोप्राइटर अब्दुल्ला खाँन व संबंधित गैंग के कुछ अभियुक्त जो प्रदेश बिहार व उत्तराखण्ड, दिल्ली व अन्य राज्य के है वांछित है, जिनकी गिरफ्तारी हेतु टीम प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि असलहा तस्करी के गैंग के मुखिया शुभम सिंह द्वारा वर्ष- 2022 में थाना बिहटा जनपद पटना राज्य बिहार मे अमनाबाद सोन नदी क्षेत्र स्थित कवरिया घाट सोन टीला में अवैध बालू खनन व बालू की लीज में पार्टनरशीप व वर्चस्व स्थापित करने के लिये हुए गैंगवार में राइफल, पिस्टल व कारतूस की खरीद फरोख्त करके सप्लाई किया गया था।
उन्होंने बताया कि असलहा तस्करी के गैंग के मुखिया शुभम सिंह ऊपर देश के विभिन्न थानों में अवैध असलहा व कारतूस तस्करी के लगभग डेढ दर्जन अभियोग पंजीकृत है। यह उत्तरप्रदेश ,बिहार , मध्यप्रदेश, दिल्ली आदि राज्यो में सक्रिय रुप से अपने सिण्डीकेट के माध्यम से अवैध शस्त्रों की तस्करी करता एवं कराता है ।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह पुत्र स्व0 अखिलेश सिंह निवासी जुड़ापुर थाना सरपतहां जनपद जौनपुर, संतोष कुमार पुत्र स्व0 मितयी बिन्द निवासी छीतम पट्टी थाना सरपतहां, सौरभ सिंह पुत्र श्री संजय सिंह निवासी वार्ड नंबर 15 नीयर बाड़गंगा थाना कोतवाली सहडोल मध्य प्रदेश, अनीश सिंह पुत्र स्व0 भड़नीश सिंह निवासी नीयर गायत्री मंदिर वार्ड नंबर 15 थाना कोतवाली जिला शहडोल मध्य प्रदेश और दिग्विजय सिंह पुत्र स्व0 सुधाकर सिंह निवासी बाड़गंगा तिराहा वार्ड नंबर 15 थाना कोतवाली जिला सहडोल मध्य प्रदेश हैं।
उन्होंने बताया कि शुभम सिंह अन्तर्राज्यीय अवैध असलहा तस्करी का गिरोह चलाता है जो अपने सहयोगियो के माध्यम से अवैध असलहा व कारतूस उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश,बिहार,दिल्ली आदि राज्यों में भारी मात्रा में सप्लाई करता है। अवैध कृत्यो से अर्जित धन से आर्थिक लाभ कमाता है। इस गिरोह के द्वारा विभिन्न राज्यो में विभिन्न घटनाओं को अंजाम देने के लिए शस्त्र सप्लाई किया गया है। जिसके सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कई प्रांतों में आपराधिक मुकदमे दर्ज है। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित