जौनपुर , फरवरी 05 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के ग्राम ख्वाजापुर में गुरुवार को एक युवक ने अपनी ही भाभी की चाकू मारकर हत्या कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देवर अपनी प्रेमिका की मां की मौत को लेकर भाभी से रंजिश रखता था और उसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार सूरत में रहने वाला पवन मौर्य अपनी पत्नी निशा मौर्य और चचेरे भाई आदित्य मौर्य के साथ करीब पांच दिन पहले अपने नाना गुरूदीन मौर्य के घर ख्वाजापुर आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आदित्य ने अपनी भाभी निशा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।

जांच में यह भी पता चला कि आदित्य की एक प्रेमिका मुंबई में रहती थी। कुछ महीने पहले निशा ने कथित तौर पर प्रेमिका की मां को कुछ आपत्तिजनक फोटो भेज दिए थे, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस का कहना है कि इसी घटना से क्षुब्ध होकर आदित्य ने बदले की भावना में अपनी भाभी की हत्या कर दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित