जौनपुर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में बुधवार सुबह जमीन के विवाद में एक आशा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीएम बदलापुर, सीओ बदलापुर, चार थानों की पुलिस फोर्स तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में सवंसा गांव निवासी चेतना सिंह (45) आशा कार्यकत्री के पद पर कार्यरत थीं। मृतका के भाई संदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह वह अपनी बहन चेतना सिंह के साथ ओम प्रकाश सिंह को उनकी बैनामा की जमीन जोतने से रोकने गए थे। इसी दौरान ओम प्रकाश सिंह तथा उनकी बेटियों रोमा और रीतू ने मिलकर चेतना सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि गंभीर चोट लगने से चेतना सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। संदीप सिंह के अनुसार, करीब दस वर्ष पूर्व उन्होंने उक्त जमीन ओम प्रकाश सिंह के पिता स्वर्गीय जय नारायण सिंह से खरीदी थी। जमीन का बैनामा होने के बाद खारिज-दाखिल भी उनकी माता सुदामा देवी के नाम पर हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी पक्ष जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित