जौनपुर , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले में शनिवार देर रात एक बलात्कार के आरोपी युवक का शव फांसी पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी विजय कुमार यादव (22) और राहुल यादव के खिलाफ करीब 10 दिन पूर्व एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
बताया गया कि फरारी के दौरान दोनों युवक वाजिदपुर उत्तरी में एक परिचित के मकान में छिपे हुए थे। इसी दौरान शनिवार देर रात विजय कुमार यादव ने कथित रूप से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना रात करीब 3:30 बजे चौकी प्रभारी जयदीप कुमार कोल को मिली, जिसके बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित