जौनपुर , जुलाई 07 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर मौसम सामान्य होने के बाद जिले के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मंगलवार को कार्यालय आदेश जारी करते हुए आठ जुलाई से नई समय-सारिणी लागू करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार जनपद के परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, मदरसा तथा अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय अब प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक संचालित होंगे।

परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास सुबह 8:00 बजे से 8:15 बजे तक आयोजित होगा, जबकि मध्यावकाश सुबह 10:30 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक शिक्षण अवधि शुरू होने से 15 मिनट पहले विद्यालय पहुंचेंगे तथा शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद कम से कम 30 मिनट तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि 8 जुलाई से इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित