जौनपुर , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन सड़क पर पलट गई।

हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। वैन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने स्कूल वैन में साइड मार दी। तेज टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज भेजा गया। घायलों में आदित्य यादव (11) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, थाना पवारा, सिद्धार्थ यादव (10) पुत्र राजेश यादव निवासी जखनियां, प्रभाष यादव (12) पुत्र प्रदीप यादव निवासी माडवादोडक, अनिरुद्ध यादव (10) पुत्र अजय यादव निवासी माडवादोडक, आर्यन यादव (10) पुत्र प्रमोद यादव निवासी जखनियां, आकाश तिवारी (10) पुत्र हृदय तिवारी निवासी जखनियां और शिवम तिवारी (8) पुत्र राकेश तिवारी निवासी जखनियां शामिल हैं।

सीएचसी सुजानगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित