जौनपुर , सितम्बर 26 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शनिवार को पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि करंजाकला गांव निवासी बबलू सोनकर (35) शनिवार दोपहर पड़ोस के गांव भटूरा स्थित खेत में सब्जी की फसल देखने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ हवा चलने लगी। बारिश से बचने के लिए वह खेत के पास लगे पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज हवा के कारण अचानक पेड़ उखड़कर उनके ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित